टोंक।  जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टोंक द्वारा साहित्य मंच टोड़ारायसिंह के सहयोग से राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के अवसर पर महात्मा गाँधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय देवली में एक विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों के लिए शिक्षा की आवश्यकता एवं महत्व, बालिका शिक्षा के महत्व, महिला सशक्तिकरण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान एवं पॉक्सो एक्ट जैसे गंभीर विषयों पर छात्र- छात्राओं और स्टाफ को जागरूक करना रहा। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव दिनेश कुमार जलुथरिया ने की। उनके साथ साहित्य मंच टोडारायसिंह से संयोजक ओमप्रकाश जैन बरवास एवं प्रधानाचार्य राजीव कुमार शर्मा मंच पर उपस्थित रहे। सचिव जलुथरिया ने उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा बच्चे के सर्वांगीण विकास की नींव है। यह उन्हें ज्ञान, आत्मविश्वास एवं सही निर्णय लेने की क्षमता प्रदान करती है। एक शिक्षित बच्चा आगे चलकर जिम्मेदार नागरिक बनता है और परिवार, समाज तथा राष्ट्र के विकास में योगदान देता है। अशिक्षा गरीबी, बाल श्रम और सामाजिक असमानता का प्रमुख कारण है। इसलिए हर माता-पिता तथा समाज का कर्तव्य है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे तथा छात्र भी पूर्ण मनोयोग से अध्ययन करें। बालिका शिक्षा के संबंध में सचिव ने बताया कि बालिका शिक्षा समाज की प्रगति का सबसे मजबूत स्तंभ है। एक शिक्षित बेटी न केवल परिवार, बल्कि पूरे समाज का भविष्य संवारती है। उन्होंने कन्या भ्रूण हत्या, पीसीपीएनडीटी एक्ट के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि इन कानूनों का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा एवं सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करना है। सचिव जलुथरिया ने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है। समाज में व्याप्त लैंगिक भेदभाव को खत्म करने के लिए हर व्यक्ति को आगे आना होगा। महिलाओं को कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना बेहद आवश्यक है। कार्यक्रम में भामाशाह के सहयोग से जरूरतमंद छात्रों को स्टेशनरी एवं चरण पादुकाओं का वितरण भी किया गया, ताकि जरूरतमंदों की बुनियादी आवश्यकताओं को पूरा किया जा सके और उन्हें प्रोत्साहित किया जा सके।

Share.

Hello Reader, Stay tuned with surila rajasthan to get latest update of your area.

Leave A Reply