
टोंक। श्री पाश्र्वनाथ दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र निमोला में गुरुवार को आयोजित मीटिंग में सर्वसम्मति से निर्विरोध बाबूलाल जैन रानोली वालों को अतिशय क्षेत्र निमोला मंदिर समिति का अध्यक्ष चुना गया। संरक्षक प्रकाश पटवारी ने बताया कि मंदिर में मीटिंग का आयोजन किया गया, जिसमें आगामी वार्षिक मेला-उत्सव के बारे में चर्चा की गई। समिति के सदस्यों की मौजूदगी में अध्यक्ष के चुनाव का कार्यक्रम रखा गया, जिसमें सर्वसम्मति से निर्विरोध बाबूलाल जैन रानोली वालों को अध्यक्ष चुना गया। मीटिंग में हुकुम चंद जैन, महावीर जैन पराणा, प्रकाश चंद पटवारी, महावीर जैन उम, भागचंद जैन धुंआ, संजय जैन लाम्बा, कपूरचंद पटौदी छान, महावीर जैन निमोला, दीपक जैन, ज्ञानचंद निमोला, शिखर चंद धुंआ, श्यामलाल जैन सीए, राजकुमार जैन अरनिया, बाबूलाल जैन धोली वाले मौजूद थे। सभा अध्यक्ष कपूर चंद पाटौदी ने बाबूलाल जैन को माला पहनाकर शपथ ग्रहण कराई। बाबूलाल जैन ने कहा कि कार्यकारिणी का विस्तार बाद में किया जाएगा। अशोक जैन ने बताया कि आगामी 14 एवं 15 दिसंबर को भगवान पाश्र्वनाथ के जन्म कल्याणक महोत्सव के अवसर पर वार्षिक मेले का आयोजन अतिशय क्षेत्र निमोला में होगा, जिसमें 14 दिसंबर को प्रात: अभिषेक, शांतिधारा दोपहर में शांति मंडल विधान की पूजा होगी। विधान के पुण्यार्जक कनक श्री महिला मंडल पुरानी टोंक होंगे एवं सायंकाल भगवान पाश्र्वनाथ की महाआरती, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं भक्तामर के पाठ का आयोजन होगा । इसी दिन पांच मंदिर पुरानी टोंक से विशाल पदयात्रा निमोला के लिए रवाना होगी, जो सोनवा अरनिया माल होते हुए सांयकाल निमोला पहुंचेगी, 15 दिसंबर को प्रात: भगवान का अभिषेक शांतिधारा के पश्चात नित्य नियम पूजा दोपहर में विशाल शोभायात्रा संपूर्ण निमोला ग्राम में निकाली जाएगी, उसके पश्चात श्री जी का वार्षिक कलाशाभिषेक होगा। वार्षिक उत्सव में विभिन्न स्थानों से श्रद्धालु पधारेंगे।
