
सिरस(संवाददाता:लक्ष्मीचन्द शर्मा)। गांव वजीराबाद खेड़ा में बीसलपुर पेयजल योजना के तहत टंकी का निर्माण होने के बाद भी अब तक टंकी को चालू नहीं करने से लोगों को पेयजल सुविधा का लाभ नहीं मिल रहा है। जिससे गांव में पेयजल संकट बना हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि वजीराबाद खेड़ा में ग्रामीणों को बीसलपुर पेयजल योजना से जोडऩे के लिए नवीन पेयजल टंकी का निर्माण करवाया था। पेयजल टंकी को बने काफी लंबा समय होने के बाद भी उसको पेयजल योजना से अब तक नहीं जोडऩे से ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। गांव के राकेश जाट, शंकरलाल मीणा, पोखरलाल जाट, भागचंद व रमेशचंद शर्मा सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि वजीराबाद में वर्तमान मे नटवाड़ गांव से पेयजल सप्लाई के लिए जोड़ रखा है। गांव तक पानी की सप्लाई नहीं हो रही है। ग्रामीणों ने पानी सप्लाई नहीं होने के बारे में कई बार बीसलपुर पेयजल योजना के उच्चाधिकारियों को अवगत करवाने के बाद भी पेयजल सप्लाई नहीं मिल रही है। नटवाड़ा से कम दबाव की पेयजल आपूर्ति दी जाने के कारण कई गांवों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा है। इस बारे में कई बार अवगत कराने के बाद भी बीसलपुर पेयजल योजना के कर्मचारियों व अधिकारियों द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जाने से लोगों को पेयजल समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन भेजकर गांव में शीघ्र नवीन टंकी से पेयजल आपूर्ति करवाने की मांग की है।
