टोंक। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टोंक द्वारा रविवार को देवनारायण आवासीय विद्यालय टोंक में राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया तथा विधिक सेवा सप्ताह का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन में विधिक साक्षरता एवं न्याय के प्रति जागरूकता का प्रसार करना रहा। इस अवसर पर विधिक जागरूकता दल के सदस्य एवं पैनल अधिवक्ता राजेश कुमार सिसोदिया तथा अधिकारमित्र हरिराम गुर्जर ने विद्यार्थियों को नालसा योजनाओं, नालसा हेल्पलाइन, कानून का शासन एवं उसके संवैधानिक महत्व, मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य तथा नालसा की संगठनात्मक संरचना संबंधी जानकारी सरल एवं प्रभावी रूप में प्रदान की। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से कानून के प्रति जागरूक नागरिक बनने तथा अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य दिवाकर सहित शिक्षण स्टाफ  एवं विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी रही। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टोंक के सचिव एवं अपर जिला न्यायाधीश दिनेश कुमार जलुथरिया ने बताया कि राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के मार्गदर्शन में 09 नवम्बर से 15 नवम्बर तक विधिक सेवा सप्ताह मनाया जा रहा है। सप्ताह के प्रत्येक दिवस को समाज के विभिन्न वर्गों यथा महिलाओं, छात्र-छात्राओं, बंदियों, श्रमिकों, वरिष्ठ नागरिकों एवं वंचित वर्गों  को समर्पित कर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इन आयोजनों का प्रमुख उद्देश्य समाज के प्रत्येक व्यक्ति को ‘‘न्याय तक समान पहुंच’’ का अवसर प्रदान करना, कानूनी सहायता की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा विधिक सशक्तिकरण के माध्यम से समाज में न्यायप्रियता, समानता एवं सामाजिक समरसता की भावना को सुदृढ़ करना है।

Share.

Hello Reader, Stay tuned with surila rajasthan to get latest update of your area.

Leave A Reply