सुबह 11 बजे से देर रात तक चला भण्डारा,दिनभर रहा मेले जैसा माहौल
निवाई(का.स)। श्री श्याम धर्मार्थ सेवा संस्थान के तत्वावधान में रक्तांचल पर्वत सीढिय़ों का मुख्य अतिथि विधायक रामसहाय वर्मा, नगरपालिका अध्यक्ष दिलीप इसरानी, जिला प्रमुख सरोज बंसल, भाजपा शहर अध्यक्ष नितिन छाबड़ा व संत रामकृष्ण वेदांती महाराज द्वारा फीता काटकर विधिवत लोकार्पण किया गया। लोकार्पण समारोह में मुख्य अतिथि विधायक रामसहाय वर्मा ने कहा कि आगामी समय में रक्तांचल पर्वत पर्यटन स्थल का स्थान ले लेगा। उन्होंने कहा कि पर्वत पर श्री किलेश्वर महादेव व पंचमुखी हनुमानजी विराजित हो गए है।

यहां पहुंचने के लिए श्री धर्मार्थ सेवा संस्थान द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सीढियों व रेम्पों का निर्माण कार्य पूर्ण करवाया है। इससे श्रद्धालु आसानी से पहाड पर पहुंच सकेंगे। संस्थान के अध्यक्ष दिलीप इसरानी ने बताया कि लोकार्पण समारोह को लेकर किलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन भी किया गया। जिसमें करीब 25 हजार शहरवासी व अन्य श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। प्रसादी सुबह 11 बजे से शुरू की गई जो देर रात तक चलती रही। सुबह से ही पहाड पर मेले जैसा माहौल दिखाई दिया। भण्डारे में शामिल होने जा रहे लोग हर हर महादेव व हनुमानजी के जयकारे लगाते हुए चढ़ रहे थे। छोटे-छोटे बच्चों से लेकर 60 से अधिक आयु के बुजुर्ग भी प्रसादी ग्रहण करने व बाबा भोलेनाथ के दर्शनों के लिए सीढियां चढ़ते हुए दिखाई दिए। एक बार भी ऐसा नहीं लगा कि यह लोग उम्र दराज हैं। कार्यक्रम की व्यवस्था देख रहे कार्यकर्ताओं ने बताया कि भण्डारे को लेकर पर्वत पर लिफ्ट द्वारा सामग्री चढ़ाई। सुबह से देर रात तक पहाड के चप्पे-चप्पे पर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ जमा रही। लोकार्पण समारोह के दौरान निश्चित अवधि में सीढियों का निर्माण कार्य पूर्ण करने वाले ठेकेदार घनश्याम शर्मा, रैलिंग व प्रवेश द्वारों का कार्य व रंग रोगन कार्य पूर्ण करने मिस्त्रियों का अतिथियों द्वारा सम्मान किया गया। इस दौरान विधायक रामसहाय वर्मा, जिला प्रमुख सरोज बंसल, भाजपा शहर अध्यक्ष नितिन छाबड़ा व संत रामकृष्ण वेदांती महाराज सहित कई अतिथियों ने पहाड पर विराजमान श्री किलेश्वर महादेव व पंचमुखी हनुमानजी के दर्शन करके प्रसादी ग्रहण की।

