धर्मेन्द्र राठौड़ के विरुद्ध मूत्रालयों में पोस्टर चिपकाने का मामला…

अजमेर(संवाददाता : एस.पी.मित्तल)| केंद्रीय पर्यवेक्षक अशोक तंवर के समक्ष अजमेर के जिन कांग्रेसी नेताओं ने शहर अध्यक्ष बनने का दावा प्रस्तुत किया उनमें वरिष्ठ नेता शिव कुमार बंसल भी शामिल हैं। बंसल ने तंवर से व्यक्तिगत तौर पर मुलाकात कर अपना बायोडाटा दिया। लेकिन अब पुलिस ने आरटीडीसी के पूर्व अध्यक्ष धर्मेन्द्र राठौड़ के खिलाफ मानहानिकारक पोस्टर चिपकाने के बहुचर्चित प्रकरण में बंसल से पूछताछ की है। बंसल से पूछताछ करने की पुष्टि रामगंज थाना अधिकारी रवीश कुमार सामरिया ने की है। सामरिया का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही असल गुनहगार का नाम उजागर किया जाएगा। मालूम हो कि हाल ही में अजमेर के जवाहर रंगमंच के निकट और राम गंज के चंद्रवरदाई स्थित मूत्रालयों में धर्मेन्द्र राठौड़ के विरुद्ध पोस्टर चस्पा किए गए। सीसीटीवी फुटेज में इन दोनों मूत्रालयों में शिव कुमार बंसल को हाथ में थैला लेकर आते जाते देखा गया। फुटेज दिखाए जाने पर बंसल का कहना रहा कि वे लघुशंका के लिए गए थे, लेकिन मूत्रालयों में पोस्टर लगाने से उनका कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि किसी का विरोध करना होगा तो वे खुलकर करेंगे। वहीं धर्मेन्द्र राठौड़ के समर्थकों ने पुलिस से आग्रह किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर गुनहगारों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। इस मामले में पूर्व पार्षद हेमंत जोधा ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। मूत्रालयों में मानहानिकारक पोस्टर लगाए जाने से धर्मेन्द्र राठौड़ भी आहत हैं। उनका कहना है कि अजमेर में कांग्रेस को मजबूत करने में वे सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। लेकिन कुछ नेता नहीं चाहते कि अजमेर में कांग्रेस संगठन को मजबूती मिले।

Share.

Hello Reader, Stay tuned with surila rajasthan to get latest update of your area.

Leave A Reply