आखिर विधानसभा अध्यक्ष देवनानी के निर्वाचन क्षेत्र में ही सफाई ठेका कर्मी हड़ताल क्यों कर रहे हैं ?

क्या भाजपा बोर्ड को नियंत्रित करने वाला कोई नहीं है?

अजमेर {एस.पी.मित्तल(ब्लॉगर)} | नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) की भोपाल बेंच के समक्ष अजमेर नगर निगम के शपथ पूर्वक कहा है कि 90 प्रतिशत नालों का गंदा पानी ट्रीटमेंट प्लांट में डायवर्ट कर दिया गया है। प्लांट में पानी को शुद्ध कर आनासागर झील में डाला जा रहा है। निगम प्रशासन का यह दावा सफेद झूठ है। हकीकत तो यह है कि ट्रीटमेंट प्लांट अधिकांश समय बंद रहता है। आना सागर में करीब 12 नालों का गंदा पानी आज भी गिर रहा है। चूंकि सीवरेज सिस्टम पूरी तरह फैल है, इसलिए सीवरेज का पानी भी आनासागर में ही आ रहा है। अखबारों में कई बार आनासागर में गंदे पानी के फोटो प्रकाशित हो चुके हैं। यूट्यूबर्स आए दिन नालों पर खड़े होकर वीडियो के माध्यम से बताते हैं कि गंदा पानी आनासागर में गिर रहा है, लेकिन इसके बाद भी एनजीटी के समक्ष निगम प्रशासन ने झूठ बोला है। एनजीटी को चाहिए कि वह एक तकनीकी कमेटी का गठन कर हकीकत का पता लगाए। अजमेर नगर निगम के कारण ही आनासागर मल मूत्र का कुंड में तब्दील हो गया है। निगम के जिन अधिकारियों ने झूठ बोला है, उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही होनी चाहिए। गंभीर बात तो यह है कि आनासागर का संरक्षण नहीं करने के कारण ही एनजीटी ने पूर्व में 37 करोड़ 80 लाख रुपए जुर्माना निगम पर लगा रखा है।

देवनानी के क्षेत्र में ही हड़ताल क्यों?:
राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी का निर्वाचन क्षेत्र अजमेर उत्तर है। देवनानी के इस क्षेत्र में नगर निगम के 80 में से 44 वार्ड आते हैं, लेकिन अब उत्तर क्षेत्र में घर घर कचरा संग्रहण करने वाले ठेका कर्मियों ने हड़ताल पर जाने की धमकी लिखित में दी है। निगम प्रशासन को धमकी वाले पत्र में कहा कि यदि एक करोड़ 35 लाख रुपए का बकाया भुगतान नहीं किया गया तो दीपावली के मौके पर कचरा संग्रहण का कार्य बंद कर दिया जाएगा। सवाल उठता है कि आखिर ठेका कर्मियों ने देवनानी के निर्वाचन क्षेत्र में ही हड़ताल की धमकी क्यों की है? जिस कंपनी के पास अजमेर का ठेका है, वह अजमेर दक्षिण क्षेत्र में भी कचरा संग्रहण का कार्य करती है। जाहिर है कि संबंधित ठेकेदार सिर्फ देवनानी को ही परेशान करना चाहता है। जानकारों की मानें तो ठेकेदार तो भाजपा के ही एक बड़े नेता का संरक्षण है। इसलिए ठेकेदार ने सिर्फ देवनानी के क्षेत्र में हड़ताल करने की धमकी दी है। पिछले दिनों ही पांच दिनों तक हड़ताल के कारण कचरा संग्रहण नहीं हो सका। तब भी इस ठेकेदार ने देवनानी की सलाह को नहीं माना। मौजूदा समय में नगर निगम में भाजपा का बोर्ड है और श्रीमती ब्रज लता हाड़ा मेयर है। लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि भाजपा बोर्ड को नियंत्रित करने वाला कोई नहीं है। विधानसभा अध्यक्ष को ही डराया जा रहा हो तो फिर भाजपा बोर्ड के हालातों का अंदाजा लगाया जा सकता है।

Share.

Hello Reader, Stay tuned with surila rajasthan to get latest update of your area.

Leave A Reply