बाल विवाह नहीं होने व बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने का लिया संकल्प

निवाई। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर सीकोईडिकोन संस्था व जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन अलायंस के सहयोग से ग्राम पंचायत डांगरथल के महात्मा गांधी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बालिकाओं के अधिकार व सशक्तिकरण पर केंद्रित एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, शिक्षा के प्रति जागरूकता लाना व बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं के खिलाफ समाज में सकारात्मक संदेश देना है। विद्यालय के प्रधानाचार्य बालकिशन यादव व शिक्षक लालाराम ने छात्राओं को शिक्षा के महत्व व उनके अधिकारों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शिक्षित बालिकाएँ न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे समाज और देश के विकास की नींव रखती हैं। सीकोईडिकोन के परियोजना समन्वयक देवेंद्रकुमार ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि बालिकाएँ समाज की शक्ति है। उन्हें सुरक्षित वातावरण, समान अवसर और शिक्षा के माध्यम से सशक्त बनाना हमारा दायित्व है। उन्होंने छात्राओं को पुलिस 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 व बाल संरक्षण हेल्पलाइन नंबर 18001027222 की जानकारी देते हुए बताया कि संस्था न्याय तक पहुँच परियोजना के तहत बाल विवाह रोकथाम, बालश्रम उन्मूलन व बाल संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। सीकोईडिकोन की कार्यकर्ता ममता शर्मा ने छात्राओं को बाल विवाह निषेध कानून व बाल तस्करी से बचाव से संबंधित जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हर बालिका को अपने अधिकारों की जानकारी होना आवश्यक है ताकि वह स्वयं की व दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित कर सके। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने बाल विवाह बंद करो, बालिका शिक्षा बढ़ाओ के नारे लगाकर और पोस्टर बनाकर लोगों को जागरूक किया। इस दौरान अपने गाँव में किसी भी बाल विवाह को नहीं होने देंगे व बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

Share.

Hello Reader, Stay tuned with surila rajasthan to get latest update of your area.

Leave A Reply