निवाई(संवाददाता:लक्ष्मीचन्द शर्मा) पंचायत समिति के सभागार में राष्ट्रीय पोषण सप्ताह के उपलक्ष्य में कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें बंधन संस्था के कार्यकर्ता व स्वास्थ्य सहायिकाओं ने भाग लिया। संस्था के सहायक प्रबंधक गिरिश तिवारी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए बताया कि बंधन संस्था कोटक महिंद्रा बैंक के वित्तीय सहयोग से निवाई ब्लॉक में कुपोषण की रोकथाम हेतु सतत प्रयासरत है। संस्था समुदाय में जागरूकता फैलाने के लिए नियमित बैठकों, प्रशिक्षणों एवं एनीमेशन वीडियो का उपयोग करके आमजन को जागरूक करने का कार्य रही है। उन्होंने बताया कि इन प्रयासों का उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना तथा पोषण संबंधी व्यवहारों में सकारात्मक बदलाव लाना है। बीसीएमओ दीपेंद्र पांचाल, सीडीपीओ संगीता दीपक एवं बीपीएम जयदीप नरूका ने मंच साझा किया और विस्तृत जानकारी दी। बीसीएमओ ने शिशु एवं मातृ मृत्यु दर को रोकने में पोषण की भूमिका की जानकारी देते हुए संतुलित आहार, स्तनपान व टीकाकरण की महत्ता समझाई। सीडीपीओ ने आंगनबाड़ी स्तर पर उपलब्ध पोषण सेवाओं, पूरक आहार योजनाओं व महिलाओं एवं बच्चों की देखभाल पर विस्तार से चर्चा की। बीपीएम ने पोषण सुधार हेतु समुदाय, स्वास्थ्यकर्मी एवं संस्थाओं के आपसी सहयोग की आवश्यकता पर जोर देते हुए टीम को मिलकर कार्य करने के लिए प्रेरित किया। कार्यशाला में विशेष रूप से एनआरसी की सेवाओं, कार्यप्रणाली और गंभीर कुपोषित बच्चों के उपचार में इसकी भूमिका के बारे में उपस्थितजनों को अवगत कराया। कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रीय समन्वयक लक्ष्मीनारायण कहार ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन से समुदाय में पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होंगे।

Share.

Hello Reader, Stay tuned with surila rajasthan to get latest update of your area.

Leave A Reply