आज निकलेगी भव्य राम बारात
निवाई(लक्ष्मीचन्द शर्मा)। प्रताप स्टेडियम में नगरपालिका मण्डल के तत्वावधान में आयोजित रामलीला में शनिवार को आर्यवीर कलाकार रंगमंच संस्थान के कलाकारों द्वारा लक्ष्मण परसुराम संवाद का मंचन किया गया। जिसको देखने के लिए शहर सहित ग्रामीण क्षेत्र से लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। पालिका अध्यक्ष दिलीप इसरानी ने बताया कि दशहरे मेला महोत्सव को लेकर आयोजित रामलीला में राम लक्ष्मण का नगर दर्शन, पुष्प वाटिका में भ्रमण, सीता द्वारा गिरिजा पूजा, लक्ष्मण परसुराम संवाद, सीता स्वयंवर, रावण बाणासुर संवाद व धनुष यज्ञ का मंचन किया गया। इस दौरान रामलीला में कलाकारों ने लोगों का खुब मनोरंजन किया। उन्होंने बताया कि गुरूवार को भव्य रामबारात, भगवान रामजी को पाणिग्रहण संस्कार, कैकई मंथरा संवाद व दशरथ कैकई संवाद सहित कई कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी जाएगी। रामलीला के दौरान प्रताप स्टेडियम में मूंगफली, कचौरी, पताशी एवं खिलोनों के ठेलों पर भी लोगों व बालकों की भीड रहीं। वहीं नगरपालिका द्वारा लगाई गई हाईमास्क लाईटों के डेकोरेशन से प्रताप स्टेडियम जगमगा उठा एवं बडे-बडे लाउड स्पीकरों की ध्वनियों से आस-पास का वातावरण गुंजायमान हो उठा। मंच के पवन शर्मा व पार्षद नितिन छाबडा ने बताया कि गुरूवार की शाम को गणगौरी बाजार में स्थित कंकाली माता के मंदिर से भव्य राम बारात रवाना होगी। राम बारात शहर के मुख्य बाजार से होते हुए अहिंसा सर्किल, आदित्य प्लाजा व प्रताप स्डेडियम होते हुए इन्दिरा कॉलोनी में नगरपालिका अध्यक्ष दिलीप इसरानी के निवास पर पहुंचेगी। जहां तोरण की रस्म की जाएगी। इस अवसर पर अधिशाषी अधिकारी मनोहरलाल जाट, भाजपा शहर महामंत्री जयनारायण कुमावत, पार्षद ओपी गुप्ता, वंशप्रदीप पारीक, परसराम कुमावत, ताराचंद गोयल, मदनलाल वर्मा, संजय रैगर, लालचन्द सैनी, रमेश सैनी, संजय रैगर, शंकरलाल सैनी, जितेन्द्र धारवाल व पवन गुरूजी सहित कई पार्षद व जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

