टोंक(अशोक शर्मा)। जिला प्रभारी व ऊर्जा मंत्री श्री हीरालाल नागर बुधवार को उनियारा पहुचे , जहां उन्होंने नगरपालिका परिसर में चल रहे शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण किया। साथ ही विभागवार स्टॉल का अवलोकन कर अधिकारियों व कार्मिकों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान स्थानीय विधायक राजेन्द्र गुर्जर, जिला कलेक्टर कल्पना अग्रवाल, जिलाध्यक्ष चन्द्रवीर सिंह चौहान समेत अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं आमजन मौजूद रहें।
इस अवसर पर जिला प्रभारी मंत्री श्री नागर ने कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य आमजन को जन कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करना है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे इन शिविरों में आकर सभी योजनाओं का लाभ उठाएं।
श्री नागर ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर शुरु किए गए सेवा पखवाड़े के तहत इन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। जन-जन की सेवा देश के प्रधानमंत्री का संकल्प है। इसलिए मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा की मंशानुसार अधिकारी इन शिविरों में सेवा भावना के साथ कार्य कर लोगों की समस्याओं का समाधान कर राहत प्रदान करें।
अगर किसी समस्या का समाधान विधिसम्पत रुप से सम्भव नही है तो परिवादी को इसके बारे में बताएं। प्रभारी मंत्री ने कहा कि इस दौरान स्वच्छता पखवाड़ा भी मनाया जा रहा है। स्वच्छता के प्रति सभी को जागरुक व सचेत करने के लिए हर गांव, शहर, गली में स्वच्छता का संदेश दिया जाना जरुरी है। उन्होंने कहा कि पेयजल व विद्युत हमारी सरकार की प्राथमिकता में है। इसके लिए पेयजल वितरण लाइनों का सुदृढ़ीकरण एवं नये ट्रासफार्मर लगाने व जीएसएस के निर्माण का कार्य किए जा रहे है। खाद्य सुरक्षा योजना में प्रदेश भर में 60 लाख लोगों के नाम जोड़े गए है, यह गरीब व वंचित वर्ग के लिए बहुत बड़ा कार्य है।
देवली-उनियारा विधायक राजेन्द्र गुर्जर ने कहा कि ग्रामीण व शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन को अधिक से अधिक राहत प्रदान की जाएं। साथ ही सभी अधिकारी और कार्मिक शिविरों में उपस्थित रहे। जिला कलेक्टर ने जिले में लगाए जा रहे शिविरों की प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी दी। जिलाध्यक्ष चन्द्रवीर सिंह चौहान ने कहा कि इन शिविरों के नाम में ही सेवा शब्द जुड़ा है, इसलिए सेवा भावना से कार्य करें।
व्यापारियों व आमजन से की बात
उनियारा पहुचने पर जिला प्रभारी मंत्री श्री हीरालाल नागर ने बस स्टैण्ड स्थित बाजार में केन्द्र सरकार द्वारा जीएसटी स्लैब में आमजन, व्यापारी वर्ग को राहत मिलने पर बचत उत्सव अभियान कार्यक्रम के तहत व्यापारियों व आमजन से बात की। इस दौरान सभी ने जीएसटी स्लैब दरों में कमी करने पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया।
लाभार्थियों को दी राहत
प्रभारी मंत्री ने शिविर के अवलोकन के दौरान लाभार्थियों से संवाद किया। साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चैक व पट्टे भी वितरित किए।

