ग्रामीणों में भारी आक्रोश,चोरी का मामला दर्ज
निवाई। राजकीय प्राथमिक विद्यालय कैरावाली ढाणी चतुर्भुजपुरा में अज्ञात चोरों ने विद्यालय परिसर में लगी विद्युत मोटर की केबल को चुराकर ले गए। चोरी की घटना को लेकर प्रधानाध्यापक अजय चौधरी ने सदर पुलिस थाना में चोरी का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने बताया कि कैरावाली ढाणी विद्यालय के प्रधानाध्यापक अजय चौधरी ने मामला दर्ज करवाया है कि विद्यालय परिसर में विद्युत मोटर की करीब 100 मीटर केबल को अज्ञात चोर चुराकर ले गए। उन्होंने बताया कि विद्यालय में स्मार्ट टीवी, म्यूजिक सिस्टम, स्टार्टर व गैस सिलेंडर सहित कई कीमती सामान रखे हुए हैं। इस प्रकार की घटनाओं से शिक्षकों एवं ग्रामीणों में चोरी होने का भय बना हुआ है। ग्रामीण सूरजकरण, किशन लाल, बाबूलाल, हंसराज एवं सूरजमल व एसएमसी सदस्यों ने बताया कि गांव चतुर्भुजपुरा में चोरों के हौसले बुलंद है जो सरकारी विद्यालयों को निशाना बना रहे है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में लागातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा अभी तक कोई कार्यवाही नहीं की गई है। उन्होंने बताया कि इस घटना से पहले भी राजकीय प्राथमिक विद्यालय रतनपुरा उर्फ रोहेड़ा में चोर विद्युत मोटर की केबल को काटकर ले गए थे। उक्त घटनाओं का भी अभी तक कोई खुलासा नहीं हुआ है। जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने शीघ्र ही चोरों की तलाश करके चोरी किए गए सामान को बरामद करवाने की मांग की है।

