
निवाई।(संवाददाता:लक्ष्मीचन्द शर्मा), सकल दिगम्बर जैन समाज के तत्वावधान में आयोजित दस दिवसीय पर्युषण पर्व के समापन पर जैन समाज के लोगों ने सामूहिक क्षमा वाणी पर्व धूमधाम से मनाया। विज्ञातीर्थ कार्याध्यक्ष सुनील भाणजा व विमल जौंला ने बताया कि सोमवार की प्रात: अभिषेक, शांतिधारा एवं नित्य पूजन के साथ विश्व शांति की कामना की गई। शाम को श्री दिगंबर जैन बड़ा मंदिर व श्री दिगंबर जैन बिचला मंदिर में सामूहिक कालशाभिषेक किए गए। दशलक्षण धर्म के तहत शिवाजी कॉलोनी पाश्र्वनाथ जैन मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा मूलनायक भगवान पाश्र्वनाथ की शांतिधारा एवं विधिवत मंत्रोच्चार द्वारा अभिषेक कर पूजा-अर्चना की गई। उन्होंने बताया दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर,बिचला जैन मंदिर व विज्ञातीर्थ पर भी अभिषेक व शांतिधारा की गई एवं सामूहिक क्षमावाणी पर्व धूमधाम से मनाया गया। उसके पश्चात दसलक्षण में 10 व 5 उपवास एवं तीन उपवास करने वालों का कमेटी द्वारा सम्मान किया गया। इसी प्रकार श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन अग्रवाल मंदिर में 10 दिन के उपवास करने पर मुकेश बनेठा का कमेटी द्वारा सम्मान किया गया। भाणजा ने बताया कि मुकेश बनेठा व राजकुमार जैन ने अशोकनगर में मुनि सुधासागर महाराज के श्रावक संस्कार शिविर में भाग लिया जहां पर उन्होंने उत्तम तप त्याग की मिसाल कायम की। इस अवसर पर प्रेमचंद जैन, रामपाल चंवरिया, महावीरप्रसाद माधराजपुरा, प्रदीप जैन, बंटी कठमाणा, अनिल झिलाय व प्रकाश बेडूला सहित कई श्रद्धालु मौजूद थे।
