गणेश चतुर्थी पर हुए विशेष आयोजन, मंदिरों में दर्शनों के लिए लगा रहा श्रद्धालुओं का तांता
संवाददाता: लक्ष्मीचन्द शर्मा
निवाई। देवताओं में प्रथम पुज्य भगवान गणेश का जन्म दिन बुधवार को शहर सहित ग्रामीण क्षेत्र में धूमधाम व हर्षोल्लास से मनाया गया। दिनभर गणेशजी के मंदिरों में गणेशभक्तों का दर्शनों के लिए सुबह से देर रात तक तांता लगा रहा। दिनभर गणपति बप्पा मोरिया, मंगल मूर्ति मोरिया के जयकारों से मंदिर गुंजायमान रहे। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर घर-घर में भगवान गणपति की पूजा की गई तथा गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की गई। कई जगह दस दिवसीय श्रीगणेशोत्सव की शनिवार को शुरुआत हुई। शहर के झिलाय रोड स्थित श्री चिंताहरण गणेश मंदिर, गणगौरी बाजार स्थित संकट मोचन गणेश, विश्व शांति आश्रम स्थित गणेश मंदिर, बडा बाजार स्थित गणेश मंदिर, श्याम मंदिर स्थित गणेश मंदिर सहित सभी गणेशजी के मंदिरों में विशेष आयोजन हुआ। इस अवसर पर भगवान गणपति की प्रतिमाओं पर सिन्दूर का चौला चढाकर चांदी के वर्क से श्रृंगार किया गया। चिंताहरण गणेश मंदिर में मंदिर पुजारी पं. हेमराज शर्मा ने गजानन की प्रतिमा का श्रृंगार किया। इसी प्रकार श्याम मंदिर में पं. पूर्वानन्द महाराज के सानिध्य में गणेशजी क पूजा अर्चना की गई। इसके बाद मोदकों का भोग लगाकर महाआरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं को मोदक के प्रसाद का वितरण किया गया। इसके साथ ही लोगों ने अपने घरों पर भी स्थित पूजा स्थलों में भगवान गणपति की विधि -विधान से शुभ मुहुर्त में भगवान की पूजा की गई और लडडू-बाटी का भोग लगाकर प्रसादी ग्रहण की। इसी प्रकार ग्र्रामीण क्षेत्र में भी भगवान गजानन की विधि विधान पूजा कर भगवान को रिझाया गया।

