सिरोही/ राजस्थान ।
जावाल (सुनील सिंघानिया ) : सोमवार सुबह हिल गौरव कॉल्स एकेडमी की एक निजी स्कूल बस बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान बस केरल नदी की रपट पर तेज बहाव में फंस गई। पानी का बहाव इतना तेज था कि बस बीच रपट पर ही अटक गई और उसमें पानी भरने लगा। बस में बच्चे सवार थे। कुछ ही देर में बस में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर हड़कंप मच गया।सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंचीघटना की सूचना मिलते ही केलाश नगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। थाना अधिकारी प्रेम सिंह के नेतृत्व में राहत कार्य शुरू किया गया। पुलिस कर्मियों ने बच्चों को संभालते हुए उन्हें सुरक्षित बस से बाहर निकाला।
ग्रामीणों ने भी दिखाई अदम्य हिम्मत
घटना के समय आस-पास मौजूद ग्रामीणों ने भी बिना देरी किए राहत कार्य में पुलिस का साथ दिया। कई ग्रामीण पानी में उतरकर बच्चों को बाहर निकालने में मददगार बने। उनकी सूझबूझ और साहस से समय रहते सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।क्रेन की मदद से बाहर निकाली गई बसबच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद मौके पर क्रेन मंगवाई गई, जिसकी मदद से रपट में फंसी बस को बाहर निकाला गया। पूरे अभियान के दौरान पुलिस, ग्रामीण और स्थानीय प्रशासन की समन्वित भूमिका रही।
चालक गिरफ्तार, बस जब्त
थाना अधिकारी प्रेम सिंह ने बताया कि बस चालक लक्ष्मण को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि चालक ने पानी के तेज बहाव की परवाह किए बिना बस को रपट पार कराने का प्रयास किया, जिससे बच्चों की जान खतरे में पड़ गई। बस को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।अभिभावकों में रोष, स्कूल प्रशासन पर उठे सवालघटना के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में रोष देखा गया। उनका कहना था कि प्रशासन और स्कूल प्रबंधन दोनों की यह जिम्मेदारी बनती है कि ऐसी आपात स्थितियों में बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए। बारिश के मौसम में रपट जैसे जोखिमपूर्ण रास्तों से स्कूल बस भेजना पूरी तरह गैर-जिम्मेदाराना है।


