सिरोही, राजस्थान।
(सुनील सिंघानिया)

जिले के जावाल क्षेत्र में एक बार फिर अतिक्रमण का मुद्दा चर्चा में आ गया है। अखिल भारतीय क्षत्रिय रावणा राजपूत सेवा संस्थान ने शुक्रवार को जिला कलेक्टर सिरोही को ज्ञापन सौंपते हुए जावाल गांव में सरकारी भूमि पर हो रहे अतिक्रमण को लेकर कड़ी नाराजगी जताई और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।ज्ञापन में बताया गया कि जावाल में गोल रोड की ओर जाने वाली मुख्य सड़क के पास स्थित भूमि पिछले 26 वर्षों से रावणा राजपूत समाज के पास छात्र और धर्मार्थ गतिविधियों हेतु सुरक्षित रही है। समाज का आरोप है कि अब कुछ व्यक्तियों ने इस भूमि पर अवैध अतिक्रमण कर लिया है।इसके साथ ही ज्ञापन में यह भी बताया गया कि सड़क किनारे अन्य कई भूखंडों पर भी सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे कर लिए गए हैं, लेकिन प्रशासन केवल एक विशेष जाति के विरुद्ध कार्रवाई कर रहा है जबकि अन्य अतिक्रमणकर्ताओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। 2017 में तत्कालीन तहसीलदार द्वारा बिना नोटिस दिए समाज के भवन पर कार्रवाई की गई थी, जिसे समाज ने अन्यायपूर्ण बताया है।संस्थान ने जावाल में खसरा संख्या 2192, 2193, 2194/997, 994, 995, 996 वाली भूमि का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया है, जिस पर मगनलाल पुत्र धरमाजी माली द्वारा अवैध कुएं बनाकर गौचर, ओरण, रेलवे आदि की भूमि को अपने निजी कृषि कार्यों में शामिल करने का आरोप है। समाज की ओर से इस मामले में तहसील कार्यालय सिरोही को पूर्व में भी शिकायत की जा चुकी है।ज्ञापन में मांग की गई कि प्रशासन इस संपूर्ण मामले की निष्पक्ष जांच करे और सभी अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध समान रूप से सख्त कार्रवाई करे, ताकि सार्वजनिक भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त किया जा सके।इस ज्ञापन की प्रतिलिपि निम्न प्रमुख जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को भी सौंपी गई:
• विक्रम सिंह भाटी, राष्ट्रीय अध्यक्ष, अखिल भारतीय रावणा राजपूत समाज • रणजीत सिंह सोलंकी, प्रदेशाध्यक्ष, अखिल राजस्थान रावणा राजपूत सेवा संस्थान • करण सिंह चौहान, जिलाध्यक्ष, सिरोही • नारायण सिंह पी. रावणा, पूर्व जिलाध्यक्ष, सिरोही • ग्राम पंचायत कार्यालय, जावाल • विधायकगण: ओटाराम देवी (सिरोही शिवगंज), सुरेश सिंह रावला (आबूरोड) • अर्जुनराम पुरोहित (जिला प्रमुख, सिरोही) • हरमखु कुमारी (प्रधान, पंचायत समिति, सिरोही) • मणिभा पवार (पूर्व विधायक, जयपुर) • डॉ. रक्षा भण्डारी (भाजपा जिलाध्यक्ष, सिरोही) • छगनलाल धाबी (भाजपा जिलाध्यक्ष, सिरोही)समाज ने स्पष्ट किया है कि यह मामला केवल एक समाज की नहीं बल्कि समूचे क्षेत्र की सार्वजनिक संपत्ति और निष्पक्ष प्रशासन की परीक्षा है।

