शिवगंज के नवीन नगर पालिका भवन का लोकार्पण

लोकतंत्र के सशक्तीकरण में स्थानीय निकायों की महती भूमिका- राज्यपाल

माउंट आबू,(हरीश दवे),

राज्यपाल श्री कलराज मिश्र नेकहा है कि लोकतंत्र के सशक्तीकरण में स्थानीय निकाय संस्थाओं की महती भूमिका है। उन्होंने जमीनी स्तर पर जनता की नगरीय निकायों और पंचायतीराज संस्थाओं में प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित किए जाने का आह्वान किया है।राज्यपाल श्री मिश्र सोमवार को सिरोही जिले के शिवगंज में नवीन नगर पालिका भवन के लोकार्पण समारोह में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने शहरों में जल संरक्षण की संस्कृति विकसित किए जाने पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि राजस्थान के निवासी पानी की एक-एक बूंद को सहेजने के लिए आरम्भ से ही जागरूक रहे हैं। आधुनिक समय में भी जल की बर्बादी को रोकने के लिए सामुदायिक स्तर पर प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि जहां जल है वहां भगवान विराजते हैं। उन्होंने शिवगंज में नगरपालिका की ओर से वर्षा जल संरक्षण के लिए जागरूकता अभियान चलाए जाने का आह्वान भी किया। राज्यपाल ने कहा कि पर्यटन की दृष्टि से सिरोही जिला बहुत महत्वपूर्ण है। माउण्ट आबू के अलावा यहां और भी ऐसे बहुत से स्थान है, जहां पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने जिले में प्राकृतिक पर्यटन से जुड़े ऐसे स्थलों को चिन्हित कर वहां पर्यटन के विकास पर भी बल दिया। राज्यपाल ने शिला पट्टिका का अनावरण करने के बाद फीता काट कर नगर पालिका भवन का लोकार्पण किया और अवलोकन किया।

उन्होंने नगरपालिका का नवीन भवन सोलर सिस्टम, वाटर हॉर्वेस्टिंग सिस्टम और ग्रीन तकनीक को अपनाते हुए पर्यावरण मानकों के अनुरूप तैयार किये जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की।

सांसद श्री देवजी एम. पटेल ने कहा कि जिले में आमजन को जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने जिले में विकास कार्यों के लिए केन्द्र सरकार की ओर से हर संभव सहयोग सुनिश्चित करवाने का आश्वासन भी दिया।

मुख्यमंत्री सलाहकार एवं विधायक श्री संयम लोढ़ा ने कहा कि शिवगंज कस्बे का 169 वर्षों का गौरवशाली इतिहास है और यहां नगर के विकास कार्यो में भामाशाह भी बढ़-चढ़कर योगदान करते हैं। उन्होंने सिरोही जिला मुख्यालय को रेलमार्ग से जोड़ने, केन्द्रीय विद्यालय एवं केन्द्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग की। उन्होंने शिवगंज में करवाए गए विकास कार्यों की जानकारी भी दी। नगरपालिका अध्यक्ष श्री वजींगराम घांची ने कार्यक्रम के समापन पर धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त नवीन नगर पालिका भवन भविष्य की जरूरत को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है।लोकार्पण समारोह में जनप्रतिनिधिगण, पार्षदगण, प्रशासनिक अधिकारी और आमजन उपस्थित रहे ।

*जवाई रिवर फ्रंट का अवलोकन किया*

राज्यपाल श्री मिश्र ने शिवगंज-सुमेरपुर की सीमा पर निर्मित जवाई रिवर फ्रंट का अवलोकन किया। उन्होंने इसे स्थानीय निवासियों और सैलानियों के लिए विशेष आकर्षण बताते हुए यहां कराए गए सौंदर्यीकरण कार्य की सराहना की।

Share.

Hello Reader, Stay tuned with surila rajasthan to get latest update of your area.

Leave A Reply