*गहलोत सरकार की योजनाएं विपक्ष के लिए रेवडियां हो सकती है, मगर गरीब के लिए वरदान है : लोढ़ा*

मुख्यमंत्री सलाहकार विधायक संयम लोढ़ा ने रोवाडा में आयोजित शिविर में की शिरकत, ग्रामीणों से किया संवाद

शिवगंज(हरीश दवे) ,

मुख्यमंत्री सलाहकार विधायक संयम लोढ़ा ने गहलोत सरकार की ओर से गरीब एवं मध्यम वर्ग के लिए चलाई जाने वाली योजनाओं को विपक्ष की ओर से रेवडियां बांटना कहने पर हमला करते हुए कहा कि बेशक गहलोत सरकार की योजनाएं विपक्ष के लिए रेवडियां हो सकती है, मगर गरीब व मध्यम वर्ग के लिए यह वरदान के रूप में राहत है। विधायक लोढ़ा शुक्रवार को ग्राम पंचायत रोवाडा मुख्यालय पर आयोजित महंगाई राहत केम्प एवं प्रशासन गांवों के संग अभियान शिविर का अवलोकन करने के बाद उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे।विधायक लोढा ने कहा कि मुख्यमंत्री गहलोत जब से मुख्यमंत्री बने है तभी से हमेशा गरीबों के कल्याण के बारे में सोचते है और जो भी योजनाएं बनाई जाती है वह गरीब को ध्यान में रखकर बनाई जाती है। इसी का परिणाम है कि राज्य सरकार की ओर से चलाई जाने वाली योजनाएं ऐसी है जिसका लाभ सीधे गरीब एवं मध्यम वर्ग को मिलता है। उन्होंने मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इस योजना में पंजीकृत व्यक्ति को 25 लाख रूपए तक नि:शुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है जो देश के किसी अन्य प्रदेश में लागू नहीं है। इस योजना में दुर्घटना में मृत्यु हो जाने पर 10 लाख रूपए तक का बीमा भी उपलब्ध करवाया जाता है। विधायक लोढ़ा ने कहा कि पिछले चार साल के दौरान मुख्यमंत्री ने आम जन को राहत प्रदान करने के लिए कई योजनाएं संचालित की है। सरकार ने राजकीय अस्पतालों में नि:शुल्क दवा व जांच की सुविधा, महिलाओं के लिए रोडवेज की बसों में आधा किराया, वन टाईम रजिस्ट्रेशन के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं में नि:शुल्क आवेदन, महिलाओं के लिए उडान योजना, शहरी रोजगार गारंटी योजना, सभी समाजों के लिए कल्याण बोर्ड, 25 साल की सरकारी सेवा पूर्ण करते ही पूरी पेंशन, सरकारी कर्मचारियों के लिए अग्रिम वेतन आहरण की सुविधा जैसी योजनाएं समाज के प्रत्येक तबके को राहत प्रदान कर रही है। विधायक ने कहा कि यह मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की इच्छा शक्ति का ही परिणाम है कि राजस्थान ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। इसके अलावा शिक्षा को बढावा देने के लिए आरटीई के तहत 12 वीं तक निजी स्कूलों में नि:शुल्क शिक्षा योजना प्रारंभ की गई है। विधायक ने कहा कि इतना ही नहीं महिलाओं को नि:शुल्क स्मार्टफोन उपलब्ध करवाना, 19 नए जिले बनाना मुख्यमंत्री की दुरदर्शी सोच का ही परिणाम है। विधायक ने कहा कि बेशक यह विपक्ष के लिए रेवडियां बांटना हो सकता है, मगर वास्तविकता यह है कि यह गरीब व मध्यम वर्ग के लिए राहत रूपी वरदान है। इस मौके पर विधायक ने ग्रामीणों से महंगाई राहत शिविरों में पंजीयन करवाकर सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने पूर्ववर्ती कार्यकाल के दौरान पेशन स्कीम लागू की थी। जब प्रदेश में भाजपा की सरकार थी उस समय इसमें एक रूपए की भी बढ़ोतरी नहीं की। प्रदेश में फिर से जब अशोक गहलोत की सरकार आई साढे सात सौ रूपए पेंशन की गई। अब केम्प में रजिस्ट्रेशन करवाने के बाद 1 हजार रूपए पेंशन मिलेगी और फिर से सरकार बनती है तो यह पेंशन प्रतिमाह 1 हजार 500 रूपए कर दी जाएगी। *रोवाडा घाटा की वर्षो पुरानी मांग पूरी हुई* इस मौके पर विधायक लोढ़ा ने कहा कि रोवाडा सहित कैलाशनगर, मनादर एवं आसपास के गांवों में निवास करने वाले ग्रामीण पिछले कई वर्षो से रोवाडा घाटा सडक निर्माण की मांग कर रहे थे। विधानसभा चुनावों के दौरान उन्होंने क्षेत्र की जनता से वादा किया था वह आज पूरा हो रहा है। रोवाडा घाटा सडक़ का कार्य प्रारंभ हो चुका है। भविष्य में यहां से कैलाशनगर मात्र 12 मिनट में पहुंचा जा सकेगा। इस घाटा सडक़ के बनने के बाद यहां के बच्चें आसानी से कैलाशनगर महाविद्यालय में अध्ययन के लिए जा सकेंगे। विधायक ने कहा कि ग्रामीणों की मांग के अनुसार यहां के विद्यालय का नामकरण जुजार बावसी सार्दुलसिंह जी देवडा के नाम पर कर दिया गया है। अब सरकारी रिकॉर्ड में भी यह स्कूल इसी नाम से पहचानी जाएगी। इस मौके पर ग्रामीणों ने विधायक से रोवाडा में बस सेवा प्रारंभ करवाने की भी मांग की। *मुख्यमंत्री राहत कार्ड एवं पट्टों का किया वितरण* इस अवसर पर विधायक ने 30 पुश्तैनी आवास के पट्टे,16 शौचालय स्वीकृतियां, 17 पेंशन पीपीओ, 6 जन्म प्रमाण पत्र, 13 नए जॉब कार्ड ,विद्युत विभाग की ओर से 5 विद्युत मीटर,कृषि विभाग की ओर से 10 मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए। शिविर में 825 महंगाई राहत गारंटी कार्ड बनाए गए। राजस्व विभाग की ओर से 15 नामांतरकरण स्वीकृत किए गए। शिविर में उपखण्ड अधिकारी डॉ नरेश सोनी, तहसीलदार नीरज कुमारी, विकास अधिकारी हेमलता बिश्नोई, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार,सहायक विकास अधिकारी रफीक मोहम्मद, काँग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रताराम देवासी, पंचायत समिति सदस्य लासी देवी,सरपंच परबत सिंह,उपसरपंच शंकरलाल मीणा, सहायक कृषि अधिकारी पन्नालाल मोबारशा, सहायक अभियंता जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग नितिन डाबी,नायब तहसीलदार शंकरलाल रावल, दीपक बंजारा, भू अभिलेख निरीक्षक सुरेंद्र सिंह, गेनाराम मीणा, ब्लॉक समन्वयक एसबीएम वसीम अकरम ,कनिष्ठ अभियंता जोधपुर डिस्कॉम स्वाति राठौड़, ग्राम विकास अधिकारी चुन्नीलाल मीणा, दिग्वेन्द्र सिंह,प्रवीण कुमार, पटवारी शोभा कँवर, कनिष्ठ सहायक श्याम सिंह, वार्ड पंच वजाराम, पकाराम, थानाराम,कोकु देवी सहित 23 विभागों के अधिकारी,कर्मचारी एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

Share.

Hello Reader, Stay tuned with surila rajasthan to get latest update of your area.

Leave A Reply