शिवगंज महोत्सव *कैलाश और कैलाशा ने शिवगंज महोत्सव को “यादगार” बना दिया*

_- देर रात तक कैलाश खेर ने स्वर सरिता प्रवाहित कर हजारों की संख्या में पेवेलियन मैदान में मौजूद श्रोताओं को मोहपाश में बांधे रखा-

अगड बम बम.. अगड बम बम पर माहौल बना शिवमय, लोग हुए झुमने का मजबूर-

रिद्धि सोनी बनी मिस शिवगंज, कंचन परिहार मिसेज शिवगंज व राजा आर्य बने मिस्टर

शिवगंज_

शिवगंज(हरीश दवे)

देश के ख्यातनाम सूफी गायक व कम्पोजर पदमश्री कैलाश खेर ने शिवगंज के स्थापना दिवस महोत्सव पर सोमवार की रात को पेवेलियन मैदान में अपनी आवाज का वो जादू बिखेरा की हजारोंं की संख्या में मौजूद सुधि श्रोता उनकी आवाज के मोहपाश में बंधकर झूमने को मजबूर हो गए। कार्यक्रम के शुरूआत में एक मौका ऐसा भी आया जब एक बारगी तो ऐसा लगा कि बारिश की वजह से शो नहीं हो पाएगा। लेकिन शिव की नगरी पर महादेव की मेहरबानी अमृत वर्षा के रूप में होने के बाद जो भक्ति रस की सरिता प्रवाहित हुई उसने महोत्सव को यादगार बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सलाहकार विधायक संयम लोढ़ा सहित सिरोही जिला कलक्टर डॉ भंवरलाल जालोर जिला कलक्टर निशांत जैन, पुलिस अधीक्षक श्रीमती ममता गुप्ता सहित जिला एवं उपखंड स्तरीय अधिकारी, प्रमुख भामाशाह एवं समाजसेवी उपस्थित थे।देश के सुप्रसिद्ध सुफी गायक कैलाश खेर का कार्यक्रम रात नौ बजे निर्धारित था। कार्यक्रम को लेकर उनका कैलाश बैंड और टीम के सदस्य अपने निर्धारित समय पर पेवेलियन मैदान पहुंच कार्यक्रम की तैयारियां कर रहे थे। तब तक पेवेलियन मैदान में भी भारी संख्या में लोग पहुंच चुके थे। आयोजन समिति के कार्यकर्ता भी अपने निर्धारित बीट पर कार्य कर रहे थे। वृहद स्तर पर होने जा रहे इस आयोजन को लेकर लोगों में भी जबरदस्त उत्साह था। विधायक लोढ़ा भी तय समय से पहले पेवेलियन पहुंच गए थे। इस बीच अचानक बादलों की गडगडाहट शुरू हो गई। कुछ ही देर में बुंदाबांदी शुरू हो गई। इस वजह से मंच पर लगाया गया सेटअप भी हटाना पड़ा। कुछ ही देर में तेज बारिश का दौर शुरू हो गया। जिसके चलते कुर्सियों पर बैठे लोग भी इधर उधर जाकर अपने आपको भीगने से बचाने का जतन करते देखे गए। बारिश की वजह से एक बारगी तो ऐसा लगा कि यह शो नहीं हो पाएगा। इसे लेकर लोगों में भी निराशा झलकने लगी। लेकिन भगवान शिव की मेहरबानी हुई और कुछ ही देर में बारिश भी रूक गई और आसमान साफ हो गया। इसके बाद मंच पर एक बार फिर से कैलाशा का सेटअप सजने लग गया।

*भक्ति में शक्ति का हुआ अहसास*

बारिश की वजह से कैलाश खेर नाइट पर मंडराते संदेह के बादलों की वजह से निराशा के भाव में डूबे श्रोता जो पदमश्री कैलाश खेर को सुनने को लेकर ललायित थे। उनमें से कई लोगों को बारिश के दौरान भगवान शिव से प्रार्थना करते देखा गया। कहते है कि भक्ति में शक्ति होती है। इसका प्रत्यक्ष अहसास उस समय हुआ जब अपना रौद्र रूप दिखा रहे बादलों ने कुछ ही देर में गरजना बंद कर दिया और बारिश भी थम गई। इसके बाद श्रोताओं को इस बात की उम्मीद भी जग गई कि अब यह शो जरुर होगा। श्रोताओं के उत्साह को देखते हुए कैलाश खेर ने भी माहौल को शिवमय बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। जैसे ही वे मंच पर आए हजारों की संख्या में मौजूद श्रोताओं की उनके प्रति जो दिवनगी देखी गई जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। शहरवासियों के स्वागत से अभिभूत कैलाश खेर ने भी एक बार तो यह कह दिया कि आज वे पूरी रात गाएंगे। *सुख बांटने के लिए दुख स्वयं लेने होते है यहीं शिव सूत्र है* मंच पर आते ही पदमश्री कैलाश खेर ने कहा कि सुख बांटने के लिए दुख स्वयं लेने होते है यहीं शिव सूत्र है अर्थात प्रकृति का सिद्धांत यहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ अच्छा होने वाला है इसलिए भगवान शिव ने आसमान से बारिश के रूप में अमृत वर्षा की है। इसके साथ ही उन्होंने जागा जोगी दे नाल नी.. गाकर बारिश की वजह से जो निराशा थी उसे आशा में परिवर्तित कर दी। इसके बाद जो महफिल सजी वह रात पौने एक बजे तक अनवरत जारी रही। इस दौरान खेर ने मैं तो तेरे प्यार का दिवाना हो गया.. तेरी दिवानी.., चौक पुरावों माटी रंगावो, आज मेरे पिया घर आएंगे.., सैया सैया.., कैसे बताए कि तुमको चाहे, यारा बता ना पाएं.., कच्चे धागे तेरे प्यार में न तोडऩा.., कौन है वो कौन है वो कहां से आया.., ये महल अटारी नहीं चाहिए.., मंगल मंगल मंगल हो.., अल्लाह के बंदे हंस दे.. अगड बम बम, अगड बम बम सुनाकर श्रोताओं को अपनी गायकी के मोहपाश में ऐसा बांध कि शो खत्म होने तक कोई अपनी जगह नहीं छोड सका। *शिव भक्ति में लीन होकर झूमे श्रोता* भगवान शिव के गीतों को लेकर मशहूर कैलाश खेर ने जब शो के दौरान भगवान शिव पर उनके फेमस गीत अगड बम बम अगड बम बम शिव लहरी.. कौन है वो कौन है वो कहां से आया पर तो श्रोता जहां थे वहीं शिव भक्ति में लीन होकर झूमते देखे गए। कार्यक्रम के दौरान कैलाश खेर ने युवा शक्ति को मंच के समीप ही बुला दिया था। जो उनके गीतों पर उनके साथ झुमते देखे गए। *पगड़ी का रखा मान* कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका प्रशासन और महोत्सव समिति की ओर से विधायक संयम लोढ़ा, जिला कलक्टर डॉ भंवरलाल, जालोर जिला कलक्टर निशांत जैन, पुलिस अधीक्षक श्रीमती ममता गुप्ता, पालिकाध्यक्ष वजींगराम घांची आदि ने मंच पर कैलाश खेर का साफा पोशी कर एवं गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया गया। खेर ने भी राजस्थानी पगडी का मान रखते हुए उसे उतारा नहीं बल्कि दो गीत उसी साफे को पहने गाकर पगड़ी का मान रखा। इस अवसर पर पालिका एवं प्रशासन की ओर से शिवगंज महोत्सव में आर्थिक सहयोग प्रदान करने वाले भामाशाहों सहित कैलाश नगर में कॉलेज का निर्माण करवाने वाले भामशाह टोरसो ग्रुप के मालिक सहित हाल ही में राजमाता बायोसा मूर्ति प्रतिष्ठा के शानदार आयोजन के लिए मंदिर प्रबंधन समिति, उधमेश्वर महादेव मंदिर प्रतिष्ठा के लिए आयोजन समिति का साफा पुष्पहार व स्मृति चिन्ह प्रदान कर स्वागत किया गया। *रिद्धि सोनी बनी मिस शिवगंज* इस अवसर पर आयोजन समिति की ओर से मिस शिवगंज, मिसेज शिवगंज और मिस्टर शिवगंज प्रतियोगिता का शानदार आयोजन किया गया था। इस प्रतियोगिता में सभी प्रतियोगियों ने शानदार प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल की ओर से दिए गए परिणाम में रिद्धि सोनी मिस शिवगंज चुनी गई। जबकि भव्या जैन द्वितीय तथा डॉली गुर्जर तृतीय स्थान पर रही। मिसेज शिवगंज कंचन परिहार चुनी गई। जबकि प्रिया सोनी द्वितीय तथा धनवंती गोयल तृतीय स्थान पर रही। इन विजेताओं को विधायक संयम लोढ़ा ने पुरस्कार प्रदान किए। शिवगंज महोत्सव के सफल आयोजन कि लिए आयोजन समिति सदस्य डॉ रवि शर्मा, कोमल परिहार सहित पूरी टीम के सदस्यों ने शहरवासियों का आभार प्रकट किया। कार्यक्रम के सफल संचालन में उपखंड अधिकारी डॉ नरेश सोनी, तहसीलदार श्रीमती नीरज कुमारी, अधिशासी अधिकारी नीलकमलसिंह राणावत, स्वास्थ्य निरीक्षक नरेश सोनी, नवरत्न बोराणा सहित पालिका कर्मचारियों ने पूर्ण सहयोग प्रदान किया।

Share.

Hello Reader, Stay tuned with surila rajasthan to get latest update of your area.

Leave A Reply