*शिक्षा के अभाव में कोई समाज तरक्की नहीं कर सकता : लोढ़ा*

कैलाशनगर में क्षत्रिय सरगरा समाज युवा मंडल की ओर से आयोजित किया गया स्नेह मिलन कार्यक्रम

– विधायक ने छात्रावास निर्माण के लिए भूमि आवंटन का दिलाया भरोसा_

शिवगंज(हरीश दवे),

मुख्यमंत्री के सलाहकार विधायक संयम लोढ़ा ने कहा कि आज के दौर में किसी भी समाज का विकास तभी संभव है जब उस समाज के शिक्षा का प्रचार प्रसार हो। जब तक समाज के शिक्षा का अभाव होगा वह तरक्की नहीं कर सकता। विधायक लोढ़ा रविवार को कैलाशनगर में क्षत्रिय सरगार समाज युवा मंडल खारल परगना की ओर से आयोजित स्नेह मिलन समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।समारोह को संबोधित करते हुए विधायक लोढ़ा ने कहा कि हमारा जिला शिक्षा के क्षेत्र में काफी पिछड़ा हुआ है। ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी लोग लडकियों को उच्च शिक्षा नहीं दिलवाते है। लोढ़ा ने कहा कि विधायक निर्वाचित होने के बाद से ही वे लगातार जिले में शिक्षा का स्तर कैसे बढ़े इसके लिए कार्य कर रहे है। उन्होंने कहा कि सिरोही में मेडीकल कॉलेज, नर्सिग कॉलेज, वेटनरी कॉलेज, संस्कृत महाविद्यालय, शिवगंज में बालिकाओं के लिए कॉलेज, कालंद्री और कैलाशनगर में कॉलेज की स्वीकृति प्रदान करवाई गई है। इसके अलावा सिरोही के लॉ कॉलेज को क्रमोन्नत करवाने के साथ ही १७ अंग्रेजी माध्यम के महात्मा गांधी स्कूल खुलवाएं गए है। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा का स्तर बढ़े इसके लिए ४० सीनियर सैकंडरी के स्कूल खुलवाएं गए है। इन सब का फायदा हमें तभी मिलेगा जब अभिभावक यह संकल्प कर ले कि चाहे कुछ भी हो जाए हमें हमारे खर्चो में कटौती ही क्यों नहीं करनी पड़े हम अपने बच्चों को उच्च शिक्षा अवश्य प्रदान करवाएंगे। आज के दौर में महिलाओं के लिए भी आगे बढऩे के कई अवसर है। लडकियां आज कई क्षेत्रों में बेहतरीन कार्य प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही है। ऐसे में हमें अपनी बालिकाओं को घर की चौखट तक ही सीमित नहीं रख उन्हें आगे बढऩे का अवसर देना चाहिए। विधायक ने कहा कि आज के दौर में किसी भी समाज का विकास शिक्षा से ही संभव है। उन्होंने समाज के प्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे भी अपने समाज से जुडक़र समाज को आगे बढ़ाने का कार्य करें। विधायक लोढा ने पोमजी महाराज का जिक्र करते हुए कहा कि यदि व्यक्ति के कर्म अच्छे हो तो वह समाज में बहुत उपर तक उठता है। पोमजी महाराज ऐसे संत थे, जिनकी एक समाज विशेष ही नहीं ३६ कौम अनुयायी है। विधायक ने कहा कि परमात्मा ने हम सब पर बड़ी कृपा की है कि उसने हमें मनुष्य बनाया है, क्योंकि इस संसार में मनुष्य से श्रेष्ठ कोई प्राणी नहीं है। इसलिए हमारा दायित्व बन जाता है कि हम अपने समाज और मानवता के लिए कार्य करें। कैलाशनगर में सरगरा समाज छात्रावास के लिए भूमि आवंटन की मांग पर विधायक ने कहा कि शिवगंज में सरगरा समाज के लिए भूमि का आवंटन करवाया गया है। इससे पूर्व सिरोही में भी भूमि का आवंटन करवाया गया था। कैलाशनगर में भी समाज के लोग सरकारी प्रक्रिया पूर्ण कर तहसील कार्यालय में आवेदन जमा करवाते है तो एक माह के भीतर इसकी स्वीकृति प्रदान करवाई जाएगी। इससे पूर्व विधायक के कैलाशनगर पहुंचने पर सरगरा समाज की ओर से विधायक लोढ़ा का ढोल ढमाकों के साथ सौमेया कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व प्रधान अचलाराम माली, सरपंच तेजाराम मीना, उप सरपंच विक्रमसिंह राव, ठाकुर गंगासिंह देवडा, प्रवीण पुरोहित, श्रवणसिंह राव, ईश्वरसिंह राजपूत, वाण सरपंच कमला देवी, रूखाडा सरपंच तेजाराम सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। इस अवसर पर समाज की ओर से समाज के प्रवासी प्रमुख भामाशाहों का साफा एवं पुष्पहार पहनाकर बहुमान किया गया।

Share.

Hello Reader, Stay tuned with surila rajasthan to get latest update of your area.

Leave A Reply