बेटियां हमारा मान, बेटियां हमारा अभिमान, बेटियां शिक्षित होंगी तो कई परिवार निहाल होंगे- डॉ. राजेश कुमार

राष्ट्रीय बालिका दिवस पर मेहँदी, रंगोली व गीत प्रतियोगिताओ का आयोजन

सिरोही(हरीश दवे)- राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर जिले में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा एएनएम ट्रेनिंग सेंटर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रातः काल जागरूकता रैली को हरी झंडी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश कुमार, जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विवेक कुमार, जिला औषधि भण्डार अधिकारी डॉ. भुपेंद्रप्रताप सिंह ने दिखा कर रवाना किया जो शहर के मुख्य मार्गो से जागरूकता रैली निकाली। कार्यक्रम में बेटियों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न रचनात्मक मेहँदी, रंगोली व गीत प्रतियोगिताओ का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिताओं में विजेता छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने कार्यक्रम में छात्राओं को राष्ट्रीय बालिका दिवस के महत्त्व के विषय में बताते हुए इसकी प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला, उन्होंने कहा कि बालिका दिवस मनाए जाने का मकसद है कि हम बेटियों के जन्म को प्रोत्साहन दें और उन्हें विकास के तमाम अवसर मुहैया करवाएं। उन्होंने बताया कि बेटियां हमारा मान, बेटियां हमारा अभिमान, बेटियां शिक्षित होंगी तो कई परिवार निहाल होंगे। सीएमएचओ डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि बेटियों की मां की कोख में ही सुरक्षा करने के लिए पीसीपीएनडीटी एक्ट लागू है, जिसकी पालना सख्ती से करवाने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम काम कर रही है। इसके लिए राज्य सरकार द्वारा मुखबिर योजना भी संचालित की जा रही है। विभाग की पीसीपीएनडीटी सेल और आईईसी सेल की ओर से इसका व्यापक प्रचार-प्रचार किया जा रहा है।

आरसीएचओ डॉ. विवेक कुमार ने राष्ट्रीय बालिका दिवस पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि आज बेटियों का समाज में घटता स्तर सचमुच चिंता का विषय है और समाज में सकारात्मक सन्देश के जरिए लोगों की मानसिकता में बदलाव लाया जाना जरुरी है।

पीसीपीएनडीटी काॅर्डिनेटर देवकिशन छगानी ने इस अवसर पर उन्होंने पीसीपीएनडीटी एक्ट की जानकारी देते हुए बताया कि आज समाज कन्या भ्रूण हत्या जैसी विकराल समस्या से जूझ रहा है, ऐसे में इसके खिलाफ हम सबको खड़ा होना होगा और समाज में पर्याप्त जनजागरूकता प्रसारित करनी होगी। कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें छात्राओं ने बड़े उत्साह से भाग लिया।

कार्यक्रम का मंच संचालन जिला आशा समन्वयक चंदा राम लोहार ने किया। कार्यक्रम के अंत में प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली बालिका को सीएमएचओ डॉ. राजेश कुमार, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. महेश गौतम, आरसीएचओ डॉ. विवेक कुमार, डॉ. भुपेंद्रप्रताप सिंह के हाथों से पुरस्कृत किया गया। एएनएम प्रशिक्षण सेन्टर से सुनीता नटराजन, जिला आईईसी समन्वयक दिलावर खाँ, पीसीपीएनडीटी सेल से जितेन्द्र कुमार, एएनएम टीसी के कर्मचारी आदि मौजूद रहे।

Share.

Hello Reader, Stay tuned with surila rajasthan to get latest update of your area.

Leave A Reply