केंद्रीय मंत्री शेखावत की जावाल सभा को लेकर तैयारियों में जुटे कार्यकर्ता ।

आक्रोश महासभा से कांग्रेस सरकार की विफलताओं को उजागर करेगी भाजपा।

जावाल, (हरीश दवे)

भारतीय जनता पार्टी की जन आक्रोश यात्रा के समापन अवसर पर सिरोही शिवगंज विधानसभा क्षेत्र की रविवार को जावाल में आयोजित आक्रोश महासभा में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत बतोर मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत करेंगे। कस्बे के शहीद स्मारक स्थित कबूतर चौक में प्रातः 11:00 सभा होगी जिसको लेकर कार्यकर्ताओं ने जोर शोर से तैयारियां की है।आक्रोश महासभा के मीडिया प्रभारी एवं सिरोही नगर मंडल अध्यक्ष लोकेश खंडेलवाल ने बताया कि जन आकांक्षाओं पर खरा उतरने में नाकाम रहने, वादाखिलाफी, भ्रष्टाचार एवं लचर कानून व्यवस्था के चलते पनपी अराजकता जैसे अनेक आरोपों के साथ भाजपा ने प्रदेश में आगामी चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और उसी कड़ी में प्रदेशव्यापी जन आक्रोश यात्रा का आयोजन हुआ जिसमें गांव गांव जन पीड़ा के स्वर सुनाई दिए और लोगों में आक्रोश नजर आया। यात्रा के समापन अवसर पर आयोजित सभा के प्रभारी पूर्व राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, विधानसभा यात्रा संयोजक दिलीपसिंह मांडानी, सह संयोजक प्रधान हंसमुख मेघवाल, अरुण ओझा, मंडल अध्यक्ष तुलसीराम पुरोहित, नारायनसिंह देलदर, छगनलाल घांची, परमवीरसिंह समेत पार्टी नेताओं व पदाधिकारियों की देखरेख में महासभा का मंच,बैठक व्यवस्था, साज सज्जा, पीने के पानी, वाहन पार्किंग आदि व्यवस्थाओ की जिम्मेदारियां देकर उसकी समीक्षा की गई। केंद्रीय मंत्री के जिले में आगमन पर जिलाध्यक्ष नारायण पुरोहित के नेतृत्व में पार्टी द्वारा उनका स्वागत सत्कार किया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री के साथ पाली विधायक ज्ञानचंद पारख भी आएंगे। शनिवार को जिलाध्यक्ष सहित पार्टी पदाधिकारियों ने सभा स्थल का निरीक्षण करके तैयारियों का जायजा लिया। उधर सभा में विधानसभा क्षेत्र के लोगों और पार्टी पदाधिकारियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पार्टी के सभी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल, मोर्चा- प्रकोष्ठ आदि को जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा ने सभी से महासभा में भाग लेने की अपील करके कांग्रेस के कुशासन के खिलाफ एकजुट होने का आवाहन किया है।

Share.

Hello Reader, Stay tuned with surila rajasthan to get latest update of your area.

Leave A Reply