सिरोही /राजस्थान ।

“विवेकानन्द संदेश यात्रा” के आगमन की तैयारियों को लेकर राष्ट्रवादी संस्थाओं की कमेटी गठित।

स्वामी विवेकानन्द केन्द्र कन्याकुमारी के 50वें वर्ष के अवसर पर राजस्थान के 33 जिलों में प्रसारित हो रहा है विवेकानन्द का संदेश । यह संदेश यात्रा 10 दिसंबर 2022 को सिरोही में प्रवेश करेगी जिसको लेकर नगर की सभी राष्ट्र वादी संस्थाओं की बैठक सम्पन्न हुई। भारत विकास परिषद देवनगरी शाखा सिरोही के सचिव नरेंद्र पाल सिंह द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, विवेकानन्द केन्द्र कन्याकुमारी अपनी स्थापना के 50वें वर्ष के अवसर पर संपूर्ण राजस्थान के 33 जिलों के साथ-साथ चयनित प्रमुख शहरों में 50 दिवसीय विवेकानन्द संदेश यात्रा का आयोजन करने जा रहा है। इस यात्रा का शुभारंभ 19 नवंबर 2022 को विवेकानन्द केन्द्र के संस्थापक माननीय एकनाथ रानाड़े की जयंती साधना दिवस पर झुंझनू जिले के खेतड़ी नगर में श्री रामकृष्ण मिशन विवेकानंद स्मृति मंदिर से महामहिम उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ द्वारा किया गया । 50 दिन की इस यात्रा का समारोप कार्यक्रम 7 जनवरी 2023 को जोधपुर शहर में किया जाएगा। यह यात्रा भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय की ओर से आजादी के अमृत महोत्सव योजना के अंतर्गत राजस्थान के सभी सामाजिक, धार्मिक एवं व्यवसायिक संगठनों के सक्रिय सहयोग से आयोजित की जा रही है ।

सिरोही में स्वागत एवं आयोजन के लिए 51 सदस्य आयोजन समिति का गठन किया गया है जिसमें भारत विकास परिषद, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, पतंजलि योग समिति, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, गायत्री परिवार आर्ट ऑफ लिविंग वनवासी कल्याण परिषद, आर्य समाज, विद्या भारती, राम कृष्ण मिशन ट्रस्ट, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सहित अन्य सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं की सहभागिता रहेगी । यात्रा आयोजन समिति के स्थानीय संयोजक दिनेश जैन एवं विवेकानन्द केन्द्र के प्रान्त कार्यपद्धति प्रमुख डॉ0 स्वतन्त्र शर्मा ने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य भारत के गौरव और स्वामी विवेकानन्द के जनोपयोगी विचारॉ को राजस्थान के जन जन तक पहुंचाना है जिससे बच्चे, युवा और प्रौढ़ अपने जीवन को सार्थक ध्येय की ओर ले जाते हुए श्रेष्ठ जीवन मार्ग प्राप्त कर सकें। स्वामी विवेकानन्द ने कहा था कि मेरा विश्वास युवा पीढ़ी में है। दिनेश जैन ने बताया कि इस अवसर पर प्रत्येक जिले में विद्यालयों एवं महाविद्यालयों स्तर पर स्वामी विवेकानन्द के जीवन एवं संदेश पर आधारित क्विज प्रतियोगिताएँ, स्वाध्याय प्रतियोगिताएँ, भाषण, शंखनाद प्रतियोगिता, मैराथन दौड़, सामूहिक सूर्यनमस्कार तथा विमर्श एवं संवाद के कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। उन्होंने बताया कि इस यात्रा के लिए स्वामी विवेकानन्द की चित्ताकर्षक प्रतिमा के साथ अत्याधुनिक रथ तैयार किया जा रहा है। यात्रा के दौरान एल ई डी स्क्रीन पर स्वामी विवेकानन्द के जीवन से संबंधित विभिन्न घटनाओं एवं जानकारियों का जीवन्त प्रसार भी किया जाएगा तथा लघु नाटिकाओं व चित्रकला के माध्यम से युवाओं को जोड़ने का संदेश दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त यात्रा के साथ एक चल पुस्तकालय भी रहेगा जिसमें जीवन को उत्कृष्ट बनाने वाले साहित्य की लगभग सौ से अधिक पुस्तकें विक्रय के लिए उपलब्ध रहेगा। शहर के प्रथमेश गार्डन में आयोजित बैठक में आयोजन कार्यक्रम की व्यवस्थाओं एवं प्रचार प्रसार पर चर्चा की गई । शहर के प्रमुख स्थानों पर बैनर एवं होल्डिंग लगाने की योजना बनी । साथ ही विभिन्न विद्यालयों में व्यक्तिगत संपर्क कर कार्यक्रम को भव्यता प्रदान करने का आग्रह किया गया ।

बैठक में आयोजन समिति के मार्गदर्शक के नाते महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य गुलबा राम गोयल, खुशवंत त्रिवेदी, डॉक्टर जगदीश आर्य, प्रवीण खत्री, आनंद प्रकाश मिश्रा, भूपेंद्र सिंह लोढ़ा, कैलाश जोशी, हमीर सिंह राव, राजेंद्र सिंह राठौड़, वीरेंद्र सिंह भाटी, चंपत लाल मिस्त्री, लुंबा राम मेघवाल, ओंकार सिंह उदावत सहित गणमान्य मौजूद रहे ।

Share.

Hello Reader, Stay tuned with surila rajasthan to get latest update of your area.

Leave A Reply