शिवगंज , राजस्थान ।
कुपोषण का जड़ से खत्म करने को चुनौती के रूप में स्वीकार करना जिला प्रशासन का सराहनीय कदम : लोढ़ा
– आदिवासी अंचल की कलदरी पंचायत में जिला प्रशासन की ओर से आयोजित किया गया कुपोषित एवं अतिकुपोषित शिविर
मुख्यमंत्री के सलाहकार विधायक संयम लोढ़ा ने कहा कि कुपोषण एक गंभीर समस्या है और जिला प्रशासन की ओर से इसे जड़ से खत्म करने को चुनौती के रूप में स्वीकार कर एक सराहनीय प्रयास किया है। आबूरोड़ पंचायत समिति के निचलागढ़ में आयोजित इस प्रकार के शिविर के भी बेहतर परिणाम सामने आए है। विधायक लोढ़ा सोमवार को उपखंड की आदिवासी अंचल की कलदरी पंचायत मुख्यालय पर आयोजित कुपोषित एवं अतिकुपोषित शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर आयोजित समारोह में मुख्य कार्यकारी अधिकारी आईएएस डॉ टी शुभमंगला, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राजेश कुमार, उपखंड अधिकारी डॉ नरेश सोनी, तहसीलदार नीरज कुमारी, विकास अधिकारी सुश्री हेमलता विश्नोई, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ कौशल ओहरी, मुख्य ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ विवेक जोशी उपस्थित थे।समारोह को संबोधित करते हुए विधायक लोढ़ा ने ग्रामीणों से आग्रह किया कि लडक़ी की कम उम्र में शादी नहीं करें। यदि जल्दी शादी कर दी तो उसके गर्भवती होने पर शरीर कमजोर हो जाएगा। इस वजह से बच्चे भी कमजोर पैदा होंगे। उन्होंने ग्रामीणों से जमाने के अनुसार चलने की अपील करते हुए कहा कि कम बच्चे होने पर उनका पालन पोषण आसानी से होगा। इसके साथ ही दो बच्चों के बीच कम से कम तीन साल का अंतराल होना जरुरी है। विधायक ने कहा कि आज अधिकांश जगहों पर देखा जाता है कि महिलाओं को खून की कमी की शिकायत हो रही है, बच्चे कमजोर है उनका वजन कम हो रहा है। इसका प्रमुख कारण यह है कि आज भी घरों में औरतें परिवार के सभी सदस्यों को खाना खिलाने के बाद जो भी बचा होता है खा लेती है। इस वजह से वे पूरा भोजन नहीं कर पाती और खून की कमी का शिकार हो जाती है।विधायक ने कहा कि जिला प्रशासन ने जिले में कुपोषण को जड़ से खत्म करने के लिए जिस चुनौती को स्वीकार किया है वह सराहनीय है। विधायक ने कहा कि विगत दिनों जिला प्रशासन की ओर से आबूरोड पंचायत समिति क्षेत्र के निचलागढ़ में भी इस तरह का शिविर आयोजित किया गया था जिसके सार्थक परिणाम सामने आए है। वहां उपचार व परामर्श के बाद एक पखवाड़े में अधिकांश बच्चों के वजन में इजाफा देखा गया है। विधायक ने ग्रामीणों से इस प्रकार के शिविर का अधिक से अधिक संख्या में लाभ लेने का आह्वान किया। समारोह को मुख्य कार्यकारी अधिकारी आईएएस डॉ टी शुभमंगला ने भी संबोधित करते हुए शिविर के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर पूर्व जिला प्रमुख अन्नाराम बोराणा, जिला परिषद सदस्य रतनाराम देवासी, सरपंच संघ अध्यक्ष नारायण रावल आल्पा, सरपंच कमूरी देवी, पीसीसी सदस्य हरीश राठौड़, दलपतसिंह देवडा, एसीबीईओ हरिसिंह मीना, चूली सरपंच चंपालाल कमलाराम गरासिया सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। इससे पूर्व विधायक के कलदरी पहुंचने पर ग्रामीणों की ओर से साफा एवं पुष्पहार पहनाकर स्वावगत किया गया।

