सिरोही जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक आयोजित।

सिरोही, राजस्थान

(हरीश दवे)

सांसद देवजी पटेल की अध्यक्षता में जिला परिषद (ग्रामीण विकास प्रकोष्ठ) के सभागार में  जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा ) की बैठक सम्पन्न हुई।     

बैठक की अध्यक्षता करते हुए सांसद ने कहा कि प्रगतिरत विकास कार्यो को ओर अधिक गति प्रदान करें ताकि जिले का सर्वागीण विकास हो सके। उन्होंने बैठक में उपस्थित जन प्रतिनिधियों एवं मनोनित सदस्यों से सुझाव लेकर जिले में चल रही केन्द्र सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं से आमजन को लाभान्वित किये जाने की बात कही। सांसद देवजी पटेल ने जिले में पेयजल आपूर्ति परियोजनाओं के बारे में लेते हुए कहा कि प्रोजेक्ट्स का समय पर पूर्ण होना बेहद आवश्यक हैं और परियोजनाएँ समय पर पूर्ण हो इसके लिए जवाबदेह अधिकारियों द्वारा नियमित मॉनिटरिंग की जावें साथ ही मौजूदा स्थिति एवं रख-रखाव की समीक्षा करते हुए विद्युत विभाग एवं जलदाय विभाग को आपस में समन्वय रख मानवीय दृष्टिकोण से आमजन के हित में कार्य करने के दिशा-निर्देश दिये।       उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के संबंध में जानकारी लेते हुए सार्वजनिक निर्माण विभाग को सड़कों का पेचवर्क करवाने के साथ ही सडकों की गुणवता पर भी विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कालन्द्री -रामसीन सडक की स्थिति, रामपुरा – अमरापुरा, झाबोजी-वासा सडक की प्रगति एवं गुणवता की जानकारी लेकर निर्देश दिए कि जिले में कितनी सडके गांरटी अवधि में है, और उनकी स्थिति वर्तमान में क्या है, इसकी सूची उपलब्ध कराई जाए।     उन्होंने दीन दयाल ग्रामीण ज्योति योजना में कृषि के बूंद-बून्द कनेक्शन की स्थिति एवं टासफार्मर की स्थिति एवं उपलब्धता के बारें में जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि टासफार्मरों पर लोड सैटिंग किया जाए ताकि टासफार्मर जलने की स्थिति नहीं हों। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत उन्होंने मौसमी बीमारियों के बारें में जानकारी ली तथा जो बच्चें प्रसव के दौरान मृत जन्म ले रहे है, उस पर क्या प्रयास किए जा रहें है की जानकारी ली। उन्होने श्रम विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि औद्योगिक ईकाई में कार्यरत श्रमिकों को पीआई का लाभ मिले , ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करें। मनरेगा योजना के तहत कार्यो को स्वीकृत कराने की बात कहीं। उन्होंने उप वन संरक्षक से कहा कि सांसद कोष से उपलब्ध कराया गया रेस्क्यू वाहन को आवंटित कार्यो के लिए ही उपयोग में लिया जाए।

प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना पर चर्चा कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना की क्रियान्विति में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए।     बैठक में दीन दयाल अंत्योदय योजना ,शहरी एवं ग्रामीण प्रधानमंत्री आवास योजना, समग्र शिक्षा , प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना व अन्य आवश्यक बिन्दुओं पर समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।     बैठक में सिरोही- शिवगंज विधायक संयम लोढा ने विभिन्न योजनाओं पर चर्चा कर कहा कि मनरेगा योजना में विकास कार्यो की प्रगति बहुत कम है, जिसे संबंधित अधिकारी समीक्षा कर गति प्रदान करें। मनरेगा कार्यो में अन्य विभागों की भी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि फैक्ट्री एक्ट के तहत श्रमिको को पूर्ण सुरक्षा मिले एवं उन्हें पीआई योजना का भी लाभ मिले। विधायक लोढा ने श्रम विभाग के बकाया प्रकरण की जानकारी लेकर समय पर क्रियान्वित करने के लिए कहा। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को कहा कि वे कृषकों के विद्युत उपकरण समय पर बदलने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। विधायक लोढा ने जल जीवन मिशन की महत्वपूर्ण परियोजनाओं बत्तीसा नाला व सालगांव परियोजना पर चर्चा कर वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।      रेवदर विधायक जगसीराम कोली ने क्षतिग्रस्त सडकों की तत्काल मरम्मत करने की बात रखी। उन्होंने जले हुए टासफार्मर समय पर बदलने की बात कहते हुए विभिन्न योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि विधायक मद से स्वीकृत कार्यो की क्रियान्विति समय पर की जाए। पिंडवाडा- आबू विधयाक समाराम गरासिया ने कहा कि वर्षा ऋतु में काफी सडके क्षतिग्रस्त हो गई है। इसलिए पेचवर्क कार्य के माध्यम से मरम्मत कार्य करवाए जाए।    जिला प्रमुख अर्जुनराम पुरोहित ने ग्रामीण क्षेत्रों में अत्यधिक विद्युत कटौती को लेकर कहा कि ग्रामीणों की सुविधा के लिए विद्युत कटौती कम की जाए। उन्होने कहा कि कम – ज्यादा वोल्टेज होने से उपकरण जल जाते है, इसके लिए कृषकों को मुआवजा दिया जाना चाहिए। उन्होंने जिले में जले हुए टासफार्मर की संख्या एवं इनमें से बदलने की स्थिति के बारें में जानकारी चाही।        जिला कलक्टर डाॅ. भंवर लाल ने विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए अधिकारियों को आपसी समन्वय रखते हुए निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने एवं अधिकारियों द्वारा स्वयं फील्ड विजिट कर मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिये।    मुख्य कार्यकारी अधिकारी डाॅ टी शुभमगंला ने जिला परिषद में संचालित समस्त योजनाओं की प्रगति से अवगत करवाकर कहा कि प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्यो की क्रियान्विति सुनिश्चित की जाएगी।   

   बैठक में सिरोही प्रधान हंसमुख कुमार, आबूरोड प्रधान लीलाराम, मनोनित सदस्य लुम्बाराम चैधरी, रक्षा भंडारी, रामलाल रिणोरा, दिनेश राणा, विपेश कुमार गरासिया, नेनसिंह राजपुरोहित ने विभिन्न विभागों में संचालित योजनाओं पर चर्चा में भाग लेकर समस्याओं से अवगत कराते हुए सुझाव दिए।   बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता, उपखंड अधिकारी रमेश बहेडिया, चिकित्सा, शिक्षा, कृषि, विद्युत, सार्वजनिक निर्माण विभाग, जल संसाधन, वाटरशेड एवं जलदाय विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी , समस्त विकास अधिकारी, नगर परिषद सिरोही के आयुक्त समेत अन्य अधिकारीगण मौजूद थे।

Share.

Hello Reader, Stay tuned with surila rajasthan to get latest update of your area.

Leave A Reply