जल संसाधन मंत्री मालवीय ने किया जोयला पिकअप वियर का निरीक्षण ।

शिवगंज /राजस्थान (हरिश दवे) ,

प्रदेश के जलसंसाधन मंत्री महेन्द्रजीत सिंह मालवीय ने सोमवार को सुकड़ी नदी पर करीब १५ करोड़ रूपए से अधिक की राशि से बनाए जा रहे जोयला पिकअप वियर का मुख्यमंत्री के सलाहकार विधायक संयम लोढा के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान मंत्री मालवीय ने विभाग के अधिकारियों से पिकअप वियर के निर्माण से संबंधित जानकारी ली तथा इसे शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। इससे पूर्व मंत्री ने जवाईबांध का भी निरीक्षण कर बांध में पानी की आवक एवं बांध के गेट खोलने संबंधी आवश्यक जानकारी ली।जानकारी के अनुसार जल संसाधन मंत्री मालवीय सोमवार की शाम को जवाई बांध का निरीक्षण करने के पश्चात विधायक संयम लोढ़ा के साथ जोयला पिकअप वियर के निर्माण कार्य की जांच करने के लिए पहुंचे। कार्य स्थल पर ग्रामीणों सहित जनप्रतिनिधियों ने उनका एवं विधायक का पुष्पहार एवं साफा पहनाकर स्वागत किया। तत्पश्चात मालवीय ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के साथ पिकअप वियर का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों से इसके निर्माण को लेकर आवश्यक जानकारी ली। इस दौरान ग्रामीणों ने मालवीय ने पिकअप वियर की ऊंचाई बढ़ाने की भी मांग की। ग्रामीणों की मांग पर मालवीय ने अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।अगली बरसात से पहले पूरा हो जाएगा कार्यनिरीक्षण के पश्चात मंत्री मालवीय ने मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए बताया कि विधायक संयम लोढ़ा के प्रस्ताव पर विभाग की ओर से यह कार्य स्वीकृत किया गया था। जोयला पिकअप वियर का कार्य ७० फीसदी तक पूर्ण हो गया है। तीस फीसदी कार्य शेष है जो अगल बारिश से पहले ही पूर्ण हो जाएगा। वैसे इस बारिश में भी विभाग की ओर से पिकअप वियर से पानी डायवर्ट किया गया था। उन्होंने बताया कि इस कार्य में धन की किसी प्रकार से कमी नहीं आने दी जाएगी। विभाग की ओर से जो भी प्रस्ताव मिलेगा उसे स्वीकृत किया जाएगा।    पिकअप वियर से ६०५ किसान होंगे लाभांवितगौरतलब है कि तहसील क्षेत्र के पुराना जोयला, नया जोयला, जोगापुरा, सहित पोयना, बामनेरा, कोरटा सहित इसके आसपास के अन्य गांवों में भूजल स्तर में बढ़ोतरी के लिए विधायक संयम लोढ़ा के प्रयासों से राज्य सरकार ने जोयला के समीप पिकअप वियर का निर्माण करने के लिए करीब १५ करोड़ रूपए की राशि स्वीकृत की थी। इस कार्य के लिए वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद पिकअप वियर का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। जोयला पिकअप वियर के निर्माण के बाद सुकड़ी नदी से १०० क्यूसेक पानी पिकअप वियर में प्रवाहित किया जा रहा है, जो नदी में प्रवाहित हो रहे पानी का मात्र ०.११ प्रतिशत ही है। यह पानी एक नहर के माध्यम से इन गांवों में प्रवाहित होते हुए लखमावा गांव के समीप फिर से सुकड़ी नदी में समाहित हो जाएगा। पिकअप वियर में पानी प्रवाहित होने से इन गांवों के कुंओं में जलस्तर तो बढ़ेगा ही, पशु पक्षियों के लिए भी पीने का पानी उपलब्ध होगा। जानकारी के मुताबिक इस पिकअप वियर के माध्यम से क्षेत्र के १२८ कुएं रिचार्ज होंगे तथा ६०५ काश्तकार लाभांवित होंगे तथा इस योजना के माध्यम से इन गांवों के ग्रामीणों की पेयजल समस्या का भी समाधान हो सकेगा।

Share.

Hello Reader, Stay tuned with surila rajasthan to get latest update of your area.

Leave A Reply