कोरोना काल में रोजगार के लिए गारंटी बनी नरेगा योजना : लोढ़ा

प्रभारी मंत्री चौधरी एवं विधायक लोढ़ा ने शिवगंज में किया इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना का शुभारंभ ।

रिपोर्ट, शिवगंज(हरीश दवे) ;

मुख्यमंत्री के सलाहकार विधायक संयम लोढा ने कहा कि कोरोना काल में ग्रामीण क्षेत्रों में जब रोजगार उपलब्ध नहीं था, लोग बेरोजगार होकर पलायन को मजूबर हो गए थे। ऐसे समय में कांग्रेस शासन में प्रारंभ की गई नरेगा योजना लोगों के रोजगार के लिए गारंटी बनी। विधायक ने आज के दिन को ऐतिहासिक दिन बताया जब शहरी क्षेत्र में इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना प्रारंभ की जा रही है। कार्यक्रम में जिला कलक्टर डॉ भंवरलाल, पालिकाध्यक्ष वजींगराम घांची, उपखंड अधिकारी भागीरथराम चौधरी अतिथि के रूप में उपस्थित थे। विधायक ने कहा कि कोरोना काल के दौरान जब लॉक डाउन था। लोगों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया, कई जगहों पर कार्य करने वाले लोगों की छटनी कर दी गई और वे बेरोजगार होकर पलायन को मजबूर हो गए। ऐसे समय में राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से जब उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में नरेगा के कार्य प्रारंभ करवाने का आग्रह किया तब उनकी मांग पर शिवगंज तहसील में सबसे पहले कोरोना के बावजूद नरेगा के कार्य प्रारंभ करवाए गए। विधायक ने कहा कि १०० दिन तक गारंटीशुदा रोजगार देने वाली इस योजना का परिणाम रहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में उस समय लोगों को रोजगार मिला। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री को भी पत्र लिखकर शहरी क्षेत्र में भी रोजगार गारंटी योजना प्रारंभ करवाने की मांग की थी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिडला से भी आग्रह किया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी केन्द्र सरकार से संपर्क कर शहरी क्षेत्र में रोजगार गारंटी योजना प्रारंभ करवाने की मांग की। उसी का परिणाम है कि आज इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना प्रारंभ हो रही है। शहरी क्षेत्र में यह पहली गारंटी स्कीम है जिसमें लोगों को १०० दिन तक काम की गारंटी मिलेगी। इस मौके पर विधायक ने पिछले तीन साल के दौरान विधानसभा क्षेत्र में करवाए गए विकास कार्यो का जिक्र करते हुए कहा कि इस कार्यकाल के दौरान सडक़, पानी, शिक्षा, खेल सहित कई क्षेत्रों में विकास के कार्याे में कोई कमी नहीं छोडी गई है। शिवगंज क्षेत्र में महिला कॉलेज खुलवाने, अस्पताल को जिला अस्पताल में क्रमोन्नत करवाने, काम्बेश्वर महादेव सडक़ मार्ग का दोहरीकरण करवाने, रिवर फ्रंट तैयार करवाने, नगर पालिका का भवन बनवाने सहित कई कार्यो का जिक्र करते हुए विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सिरोही विधानसभा क्षेत्र में विकास के कामों में कोई कमी नहीं छोड़ी है। विधायक लोढ़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री गहलोत आने वाले दिनों में चिरंजीवी कार्ड धारी महिलाओं को मोबाइल की सौगात देने जा रहे है ताकि महिलाएं भी देश और दुनिया के बारे में विस्तृत जानकारी हासिल कर सके। इसके लिए उन्हें तीन साल तक मोबाइल रिचार्ज करवाने की भी आवश्यकता नहीं रहेगी। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित भारी संख्या में महिलाओं से आग्रह किया कि वे अपनी बेटियों को उच्च शिक्षा प्रदान करवाए। उनकी काबिलियत को समझे तथा उन्हें अध्ययन करवाए ताकि वे भी उच्च पद पर आसीन हो सके।समारोह को संबोधित करते हुए विधानसभा के उप मुख्य सचेतक एवं जिले के प्रभारी मंत्री महेन्द्र चौधरी ने महात्मा गांधी ग्रामीण नरेगा योजना को ग्रामीण क्षेत्रों के लिए वरदान बताते हुए कहा कि यह खुशी की बात है कि इस योजना का लाभ अब शहरी क्षेत्र के लोगों को भी इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना के तहत मिल सकेगा। जिसमें शिवगंज में प्रारंभ हो रही योजना के तहत प्रथम चरण में २५० लोगों को १०० दिन का रोजगार उपलब्ध होगा। इस दौरान सभी पंजीकृत श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से पिछले तीन सालों में करवाए गए कार्याे का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने जनहित में कई फैसले लिए है। शिक्षा और बालिका शिक्षा के लिए सरकार ने विशेष प्रयास किए है। अस्पतालों में दवाईयां नि:शुल्क करने में राजस्थान सबसे अग्रणी रहा है। राज्य सरकार की ओर से चिकित्सा के लिए संचालित की जा रही चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना जिमसें १० लाख रूपए तक का उपचार नि:शुल्क है यह योजना लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है। इस मौके पर उन्होंने क्षेत्रीय विधायक संयम लोढ़ा की तारिफ करते हुए कहा कि वे अपने क्षेत्र के विकास एवं लोगों की भलाई के लिए निरंतर सक्रिय रहते है। अपने क्षेत्र के लोगों के लिए वे विधानसभा में प्रखरता से आवाज उठाते है। इसी का परिणाम है कि पिछले तीन सालों में सिरोही विधानसभा क्षेत्र ने विकास के नए आयाम स्थापित किए है। मुख्यमंत्री की तो सिरोही पर विशेष कृपा रही है। पानी, सडक़, मेडीकल, शिक्षा सहित कर कार्य जो विधायक की ओर से मांग की गई सरकार की ओर से बजट में स्वीकृत किए गए है। इस मौके पर उन्होंने इंदिरा गांधी शहरी ग्रामीण योजना प्रारंभ होने पर नागरिकों को बधाई दी। इससे पूर्व प्रभारी मंत्री चौधरी एवं विधायक संयम लोढ़ा ने स्वीकृत श्रमिकों को स्वीकृति पत्र प्रदान कर योजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर तहसीलदार नीरजा कुमारी, अधिशासी अधिकारी नीलकमलसिंह राणावत, पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती चंपादेवी कुमावत, पार्षद प्रकाश मीना, हबीब शेख, मालमसिंह, किस्तुर घांची, राजेन्द्रसिंह, सहवृत सदस्य राजेन्द्र माली, नगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष नजमा बानू, यूथ महिला कांग्रेस अध्यक्ष नफीसा सिलावट, मदनलाल सहित कई प्रबुद्धजन उपस्थित थे।

Share.

Hello Reader, Stay tuned with surila rajasthan to get latest update of your area.

Leave A Reply